दीपांशु ने भी अंग्रेजी में दिया जवाब, पहाड़े सुनाकर दिखाई अपनी शैक्षणिक तैयारी*
*कलेक्टर, एसपी, सीईओ जिला पंचायत और डीएफओ ने किया शासकीय प्राथमिक विद्यालय इंद्रानगर का निरीक्षण*
कटनी (18 सितम्बर) – कक्षा में बच्चों की चहचहाहट के बीच जब कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने नन्हीं अनुष्का से बातचीत शुरू की, तो शायद किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही क्षणों में यह मुलाकात एक यादगार पल में बदल जाएगी। कक्षा-3 की अनुष्का ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी में जवाब दिया—“ माय फेवरेट कलर इज ब्लू…”
अनुष्का के चेहरे पर न झिझक थी, न संकोच। उसकी सहज अंग्रेजी सुनकर कलेक्टर श्री तिवारी मुस्कुराए और स्नेहपूर्वक उसे गोद में उठाया, लाड़ और दुलार किया और प्यार से उसका हौसला बढ़ाया। कलेक्टर का यह आत्मीय अंदाज देखकर विद्यालय का माहौल खिल उठा। आसपास खड़े अधिकारी और शिक्षक भी बच्चों के आत्मविश्वास को देखकर मुस्कुराते नजर आए।
यह खुशनुमा दृश्य मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय इंद्रानगर के निरीक्षण के दौरान सामने आया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के साथ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरिसिमरनप्रीत कौर और डीएफओ श्री गर्वित गंगवार भी विद्यालय पहुंचे थे।
*अनुष्का के बाद दीपांशु ने भी संभाली अंग्रेजी की कमान*
कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत को आगे बढ़ाते हुए उनकी पढ़ाई और समझ को जानना चाहा। अनुष्का के अंग्रेजी में जवाब के बाद कक्षा-2 के छात्र दीपांशु से भी बातचीत हुई। दीपांशु ने बिना झिझक अंग्रेजी में कहा—,”माय फेवरेट कलर इज रेड…”
नन्हें बच्चों की यह सहज बातचीत देखकर कलेक्टर ने दोनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों में आत्मविश्वास का होना भी जरूरी है। उन्होंने अनुष्का और दीपांशु को इसी तरह मन लगाकर पढ़ने तथा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया।
*अंग्रेजी के बाद पहाड़ों की बारी, बच्चों ने फिर चौंकाया*
बच्चों की शैक्षणिक तैयारी जानने के लिए कलेक्टर ने उनसे पहाड़े भी पूछे। उन्होंने कक्षा-2 के छात्र दीपांशु यादव से 4 का पहाड़ा सुनाने को कहा। दीपांशु ने बिना रुके पूरा पहाड़ा सुना दिया।
इसके बाद कलेक्टर ने कक्षा-3 की अनुष्का से 2 का पहाड़ा पूछा। अनुष्का ने भी उसी आत्मविश्वास के साथ सही-सही उत्तर दिया। बच्चों की तत्परता देखकर कलेक्टर ने उनकी पीठ थपथपाई और खूब मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।


