जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में खनिज विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ई-टीपी (e-TP) में स्वीकृत मात्रा से अधिक गिट्टी भरकर परिवहन करते पाए जाने पर 4 ट्रकों को तत्काल जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को अभिरक्षा में लेकर यातायात पुलिस चौकी, कटनी में खड़ा कराया गया है।
जांच में निर्धारित मात्रा से अधिक खनिज का परिवहन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
ओवरलोडिंग पर भी रहेगी प्रशासन की पैनी नजर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज परिवहन में नियमों की अनदेखी, ई-टीपी में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज का परिवहन तथा ओवरलोडिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच का अभियान जिले के विभिन्न मार्गों पर लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। जिला प्रशासन ने खनिज कारोबार से जुड़े सभी वाहन संचालकों एवं संबंधित व्यक्तियों को निर्धारित नियमों और स्वीकृत मात्रा के अनुरूप ही खनिज का परिवहन करने की सख्त हिदायत दी है।


