जबलपुर। राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के जबलपुर संभागीय महाअधिवेशन में कटनी जिले से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने पहुंचकर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। कचनार सिटी में आयोजित सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों, आर्थिक हितों और विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कटनी जिला अध्यक्ष गोपाल सिंघानिया ने अपने उद्बोधन में जहां एक और उगाही वाले पत्रकारों की फौज को लेकर चिंता जाहिर की वही यह भी कहा कि शासन को ऐसे नियम बनाने चाहिए जिसमें वर्तमान दौर के सोशल मीडिया के पत्रकारों पर भी नियम लागू हो जिस प्रकार प्रेस एक्ट बना हुआ है।
कटनी से पहुंचे पत्रकारों ने परिषद के पदाधिकारियों और अन्य जिलों से आए पत्रकारों के साथ संवाद करते हुए पत्रकारों की समस्याओं को संगठित रूप से शासन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। महाअधिवेशन में पत्रकारों की एकजुटता मजबूत करने और उनके हितों के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प भी लिया गया।
सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष राजेश दुबे ने मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्रीय मांग-पत्र प्रस्तुत किया। इसमें पत्रकार सुरक्षा को प्रभावी बनाने के साथ श्रद्धा निधि की राशि 50 हजार रुपये तथा स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ 10 लाख रुपये तक किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक अभिलाष पांडेय, सहित वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
महाअधिवेशन में नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अतिथियों का सम्मान किया गया। इस दौरान पत्रकार स्व. राजेंद्र तिवारी एवं राजकुमार गुप्ता की पुस्तकों का लोकार्पण भी हुआ।
कटनी से बड़ी संख्या में पत्रकारों की मौजूदगी ने सम्मेलन को विशेष मजबूती प्रदान की। पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर जिले से लेकर संभाग स्तर तक संगठन को मजबूत बनाकर आवाज उठाई जाएगी। कटनी जिले से संभागीय संयुक्त मंत्री अजय खरे संभागीय उपाध्यक्ष मीना चौधरी जिला अध्यक्ष गोपाल सिंघानिया के नेतृत्व में संजीव श्रीवास्तव, अनिरुद्ध बजाज, प्रकाश जैन, मनीष सेकसरिया, रवि पांडे,नितिन पुरोहित, ऋषभ जैन, सुनील रावत, अरविंद अग्रहरि, मयंक जैन, प्रमोद खमरिया, एस बी राव,राजेश सिंघई, धीरज जैन आदि ने शिरकत की।


