*अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बल वितरण कर पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ, ड्रोन से भी होगी निगरानी*
दधिकांधो महोत्सव एवं शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए जिला पुलिस, पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य द्वारा कानून- व्यवस्था ड्यूटी हेतु पुलिस बल का वितरण कर पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया गया। इस दौरान ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सदैव अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।
*ड्रोन से होगी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी*
महोत्सव एवं शोभायात्रा के दौरान प्रमुख आयोजन स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त एसएएफ, सिविल पुलिस एवं अन्य पुलिस बल की पर्याप्त संख्या में तैनाती की गई है।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आयोजन स्थलों पर लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
*धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी*
मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी ड्यूटी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें।


