रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व को लेकर नर्मदापुरम जिले में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। शहर में जगह-जगह भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियां, चल समारोह, भंडारे एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आए। जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण का वेश धारण कर उनकी बाल लीलाओं का मनमोहक प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नर्मदापुरम के ग्वालटोली क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों सहित जिला प्रशासन की मौजूदगी में भव्य जन्माष्टमी पर्व विशेष उत्साह के साथ मनाया गया। यहां स्थित प्राचीन काली मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर परिसर के समीप ग्वाल समाज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दादा गुरु महाराज,नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी,नगर पालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं कलेक्टर सोमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि सम्मिलित हुए। जन्मोत्सव के दौरान राधा-कृष्ण की वेशभूषा में कलाकारों द्वारा मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। वहीं मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह भर दिया। राधा-कृष्ण के रूप में प्रस्तुत किए गए नृत्य और श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर दादा गुरु महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों का स्मरण करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने मानव समाज को धर्म, सत्य, कर्तव्य और सेवा का मार्ग दिखाया है। दादा गुरु ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आयोजन के दौरान ऐसा भक्तिमय वातावरण निर्मित हुआ कि श्रद्धालुओं को नर्मदापुरम में ही मथुरा-वृंदावन की अनुभूति होती नजर आई।


