जबलपुर-सागर संभाग समेत प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, टीकमगढ़, छतरपुर, कटनी, सीधी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में अगले 24 घंटे के दौरान ढाई से चार इंच तक बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी भोपाल में हल्की बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
28 से 30 अगस्त तक गरज-चमक के आसार
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, 28 से 30 अगस्त के दौरान प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। हालांकि, अब प्रदेश के कुछ चुनिंदा जिलों में ही तेज बारिश होने की संभावना है।
29 अगस्त को शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, 31 अगस्त को मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश हो सकती है। मौसम प्रणाली के कमजोर पड़ने के साथ ही प्रदेश में तेज बारिश का दौर थमने के आसार हैं।
प्रदेश में सामान्य से 9% कम बारिश
आईएमडी भोपाल के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब तक 674.6 मिलीमीटर यानी करीब 26.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 742.3 मिलीमीटर यानी करीब 29.2 इंच होनी चाहिए थी। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक करीब 67.7 मिलीमीटर यानी 2.7 इंच कम बारिश हुई है। कुल मिलाकर बारिश सामान्य से 9 प्रतिशत कम है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश की कमी 19 प्रतिशत तक पहुंच गई है। वहीं, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडौरी समेत कई जिलों में सामान्य से 1 से 49 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।


