MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
कटनी – रक्षाबंधन, बलराम जयंती एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले में विविध गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पर्वों को सामाजिक समरसता, प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण, कृषि, गौ-संवर्धन तथा भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
*रक्षाबंधन पर ‘एक राखी-एक संकल्प’ से दिया जाएगा प्रकृति संरक्षण का संदेश*
28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सामाजिक रिश्तों के साथ प्रकृति, जल एवं पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए ‘एक राखी-एक संकल्प’, ‘रक्षासूत्र-एक राखी एक रिश्ता’, ‘पेड़ को राखी’ तथा भाईचारा जैसी गतिविधियां जनसहभागिता से आयोजित की जाएंगी। स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए प्रकृति संरक्षण विषय पर कहानी एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी होंगी।
*बलराम जयंती पर कृषि एवं प्राकृतिक खेती पर केन्द्रित होंगे कार्यक्रम*
2 सितंबर को बलराम जयंती के अवसर पर कृषि से जुड़े पारंपरिक कलारूपों की प्रस्तुतियों के साथ आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत बीज एवं प्राकृतिक खेती पर केन्द्रित प्रदर्शनी तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग तथा संस्कृति विभाग को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
*श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर स्कूलों में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं*
4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जिले में व्यापक स्तर पर मनाई जाएगी। स्कूलों में मटकी एवं बांसुरी प्रतियोगिता, जीवंत झांकियों का निर्माण, श्रीकृष्ण से जुड़े प्रसंगों पर तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता तथा छोटे बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में तैयार कर विशेष प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
जिले के श्रीकृष्ण मंदिरों, मठों एवं देवालयों में विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। मटकी सज्जा एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, स्थानीय कलाकारों द्वारा बांसुरी वादन, भजन गायन तथा श्रीकृष्ण जन्म, वृंदावन, गोवर्धन पूजा एवं गीता उपदेश पर आधारित जीवंत झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। इसके साथ ही दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक आरती जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
*29 अगस्त से 4 सितंबर तक बच्चों के लिए विशेष पोषण एवं स्वास्थ्य शिविर*
जिले में 29 अगस्त से 4 सितंबर तक बच्चों के लिए विशेष पोषण एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं प्राथमिक शालाओं में जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों के विशेष पोषण के लिए भोजन व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
*जेल और गौशालाओं में भी होंगे विशेष आयोजन*
जिला जेल में भगवान श्रीकृष्ण पर केन्द्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गौशालाओं में साफ-सफाई, गौपूजन एवं गौ-रक्षासूत्र बांधने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे।
जनजातीय क्षेत्रों के छात्रावासों एवं आश्रम शालाओं के विद्यार्थियों को भजन प्रतियोगिता, श्रीकृष्ण वेशभूषा एवं चित्रकला जैसी गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। जनजातीय एवं ग्राम संस्कृति से जुड़े बांसुरी वादन तथा मोरपंख के उपयोग जैसे सांस्कृतिक प्रतिमानों पर भी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
*शिक्षा, संस्कृति, कृषि और गौ-संवर्धन से जुड़े संदेशों का होगा प्रसार*
कलेक्टर श्री तिवारी ने श्रीकृष्ण से जुड़े विविध प्रसंगों एवं आख्यानों के माध्यम से शिक्षा, संस्कृति, कृषि, गौ एवं पशुधन संवर्धन से संबंधित संदेशों का प्रसार करने तथा युवाओं को इन गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
*कांवड़ यात्रा मार्गों पर भी सुनिश्चित होंगी आवश्यक व्यवस्थाएं*
इसके अलावा श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्राओं के मार्गों पर कांवड़ियों के लिए जनसुविधा, सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को दिए गए हैं।
इन आयोजनों एवं व्यवस्थाओं के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी, नगर निगम, जिला पंचायत, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, जेल, पशुपालन तथा आदिवासी कल्याण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने और की गई कार्यवाही से जिला प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


