कैमोर।* पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश ‘ईद मिलादुन्नबी’ के मुबारक मौके पर कैमोर नगर में धार्मिक उत्साह और अकीदत के साथ एक विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस का नगर में जगह-जगह जोरदार इस्तकबाल किया गया, जहां लोगों ने अकीदतमंदों के लिए खुलकर लंगर लुटाया
यह विशाल जुलूस अमरैयापार से गाजे-बाजे और इस्लामी परचमों के साथ प्रारंभ हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ भटिया मोहल्ला स्थित जामा मस्जिद पहुंचकर सकुशल संपन्न हुआ।
*जबलपुर के राजकुमार बैंड ने बांधा समां*
जुलूस में जबलपुर से आई सुप्रसिद्ध ‘राजकुमार बैंड एंड पार्टी’ विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बैंड के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नातिया कलाम और धार्मिक धुने पेश कर समां बांध दिया, जिस पर अकीदतमंद झूमते नजर आए।
*प्रशासनिक मुस्तैदी और सामाजिक मार्गदर्शन*
जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से बामुकाम तक पहुंचाने में पुलिस-प्रशासन और नगर के गणमान्य नागरिकों ने सराहनीय भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा एवं उप-निरीक्षक दिनेश करोसिया पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते दिखे।
इसके साथ ही अंजुमन कमेटी सदर हाजी गुलाम भाई, जामा मस्जिद सदर हाजी महमूद खान, भाजपा अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष इंजीनियर नवाब खान, पार्षद पप्पू टेलर सहित क्षेत्र की तमाम मस्जिदों के सदर एवं पदाधिकारियों ने पूरे समय जुलूस का मार्गदर्शन किया।
*नगर परिषद की चाक-चौबंद व्यवस्था*
आयोजन के दौरान नगर परिषद कैमोर द्वारा साफ-सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी, जिससे जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जुलूस के समापन पर जामा मस्जिद परिसर में मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे की दुआएं मांगी गईं
*सुनील सिंगोते*
*पत्रकार – कैमोर*


