कटनी किसानों की सुविधा के लिए किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा उर्वरक बुकिंग के लिए व्हाट्स ऐप चैटबॉट सुविधा प्रारंभ की गई है। इस सुविधा के माध्यम से किसान सरल एवं सुविधाजनक तरीके से अपने मोबाइल से उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे। इसके लिये किसान आधिकारिक व्हाट्सऐप बिजनेस नंबर पर “Help” या “Fertilizer” लिखकर सेवा प्रारंभ कर सकते हैं।
उर्वरक बुकिंग की सरल प्रक्रिया
किसान व्हाट्सऐप पर “Help” या “Fertilizer” लिखकर चैट शुरू करेगा। किसान अपना पंजीकृत आधार नंबर दर्ज करेगा। आधार का सत्यापन होने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा। ओटीपी दर्ज करने पर किसान का प्रोफाइल विवरण प्रदर्शित होगा। किसान अपनी भूमि का विवरण देखकर संबंधित जिले का चयन करेगा। पात्र भूमि/खसरा के विरुद्ध फसल का चयन कर विवरण सुरक्षित करेगा। किसान उर्वरक का प्रकार, उर्वरक एवं आवश्यक मात्रा का चयन करेगा। किसान ब्लॉक, रिटेलर, कंपनी एवं पात्र उठाव तिथि का चयन करेगा। सिस्टम उपलब्धता का सत्यापन कर QR कोड युक्त उर्वरक टोकन जारी करेगा। किसान को व्हाट्सऐप पर टोकन, रिटेलर, उर्वरक, उठाव तिथि एवं टोकन की वैधता की जानकारी प्राप्त होगी।
यह सुविधा उर्वरक बुकिंग प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं किसान-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों को उर्वरक बुकिंग के लिए कार्यालय अथवा अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्हें डिजिटल माध्यम से सुविधाजनक सेवा प्राप्त होगी।


