कटनी/विजयराघवगढ़। विजयराघवगढ़ पुलिस ने शारदा माता मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चोरी की कई वारदातों से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह द्वारा कटनी, सतना और आसपास के क्षेत्रों में मंदिरों एवं सूने मकानों को निशाना बनाया गया था। कार्रवाई में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 12 लाख रुपये कीमत की सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।
विजयराघवगढ़ स्थित प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर में 24-25 जुलाई 2026 की रात अज्ञात आरोपियों ने ताला तोड़कर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया था। आरोपियों ने मां शारदा का चांदी का मुकुट, चांदी का छत्र, सोने का लॉकेट तथा दान पेटी में रखी नकदी चोरी कर ली थी। वारदात के बाद सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी निकालकर ले जाया गया था। मंदिर की चोरी की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मंदिर कटनी जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और जिला प्रशासन के अनुसार इसका संबंध वर्ष 1826 में राजा प्रयागदास द्वारा स्थापित मंदिर से बताया जाता है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी वीरेंद्र धारवे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे की टीम ने जांच तेज की। पुलिस टीम ने मंदिर के आसपास आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।
इसी दौरान 19 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध कार में चोरी का सामान लेकर मैहर की ओर जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ा और पूछताछ के बाद मामले का खुलासा हुआ।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी फरार
पुलिस ने मामले में:
राजा उर्फ मोहन साहू, निवासी प्रेमनगर तिलक कॉलेज, कटनी — गिरफ्तार
राजनंदिनी साहू, निवासी प्रेमनगर तिलक कॉलेज, कटनी — गिरफ्तार
आदी उर्फ आदित्य बर्मन — सिवनी जेल में निरुद्ध
एक बाल अपचारी — फरार
को आरोपी बनाया है।
पुलिस के अनुसार राजा उर्फ मोहन साहू के खिलाफ विभिन्न थानों में 36 अपराध, जबकि राजनंदिनी साहू और आदी उर्फ आदित्य बर्मन के खिलाफ 9-9 अपराध दर्ज हैं।
पूछताछ में 9 चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने विजयराघवगढ़, माधवनगर, बरही, कुठला-बिलहरी सहित सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में मंदिरों और सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
इनमें पिपरौंध के जैन मंदिर की दानपेटी, रामजानकी मंदिर, हनुमान मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, सत्य माता जी मंदिर सहित अन्य स्थानों से चोरी की घटनाएं शामिल हैं।
चोरी के सामान में चांदी के मुकुट से लेकर सोने का लॉकेट तक
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सामग्री बरामद की है, जिसमें—
चांदी के तीन त्रिकोणाकार मुकुट, दो गोलाकार चांदी के छत्र, चांदी का एक त्रिकोणाकार मुकुट, चांदी की एक कमरबंद, चांदी की दो संतानसांते की चूड़ियां, चांदी के दो नग पायल, चांदी की दो नग पत्ती पायल, चांदी की छह बिछिया, सोने का लॉकेट तथा अन्य सामान शामिल है।
इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक आरोपी एक वाहन में बैठकर चोरी करने के लिए निकलते थे। मौके पर पहुंचने के बाद दो आरोपी ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करते थे, जबकि अन्य आरोपी बाहर रहकर निगरानी करते थे। आसपास किसी व्यक्ति के आने की आहट मिलने पर अंदर मौजूद आरोपियों को संकेत दिया जाता था।
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी के बाद सामान को बेचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ले जाया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। फरार बाल अपचारी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ जारी है और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
पुलिस टीम की भूमिका: थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उनि रामकुमार झारिया, उनि राजेंद्र सिंह, महिला आरक्षक नेहा सिंह, आरक्षक पप्पू प्रजापति, वाहन चालक प्रधान आरक्षक मंजू कोल, मुखबिर एवं स्वतंत्र साक्षियों की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।


