कटनी। वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ वन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वन परिक्षेत्र कैमसेंडा के अमले ने ग्राम कछरगांव (बड़ा) में कार्रवाई करते हुए एक घर से अवैध रूप से रखा गया 41 नग सागौन चिरान, जिसकी मात्रा 0.232 घनमीटर बताई गई है, जब्त किया है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार,
वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार एवं उपवनमंडलाधिकारी कटनी पश्चिम कार्तिकेय मेटे के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी कैमसेंडा के निर्देशन में 17 अगस्त 2026 को ग्राम कछरगांव (बड़ा) में राकेश पिता रामलिन बढ़ई के घर की विधि अनुसार तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान मौके पर अवैध रूप से बढ़ईगिरी एवं फर्नीचर का संचालन पाया गया। जांच में राष्ट्रीयकृत वन उपज सागौन के 41 नग चिरान मिले, जिन्हें वन विभाग की टीम ने जब्त कर लिया। मौके पर मौजूद लकड़ी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
मामले में वन विभाग द्वारा वन अपराध प्रकरण क्रमांक 191/14, दिनांक 17/08/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
इनकी रही प्रमुख भूमिका
कार्रवाई में उपवनक्षेत्रपाल रामपुर मोहम्मद खालिक, वनरक्षक राजेश गुप्ता, राजेश शर्मा, रामकृष्ण दुबे, श्रीमती उमा चौधरी, अंकित गौतम, दिनेश दहायत, रामकृष्ण पटेल एवं सुजाता गौड़ सहित वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से वन संपदा का उपयोग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा के अवैध दोहन और परिवहन के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


