योगेश गजभिये पांढुरना*.स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी द्वारा नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित 15 अगस्त के कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के कथित अनादर के विरोध में पांढुर्णा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय पदाधिकारियों ने हाथों में जलती हुई मशालें लेकर नगर के मुख्य मार्गों से एक विशाल मशाल रैली निकाली। इस दौरान पूरा वातावरण “वंदे मातरम” और “भारत माता के जयघोष से गुंज उठा,
रैली में शामिल भाजपा नेताओं ने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ देश की स्वाधीनता और संप्रभुता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस जैसे पवित्र अवसर पर इसका अनादर करना अत्यंत निंदनीय है, जिसे देश और नगर का कोई भी नागरिक स्वीकार नहीं करेगा। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के इस कृत्य पर अपनी तीव्र नाराजगी व्यक्त की और राष्ट्रगीत के सम्मान में सामूहिक राष्ट्रगीत का गायन कर एकजुट रहने का संकल्प लिया।
यह मशाल रैली नगर के प्रमुख चौराहों से होती हुई संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा पदाधिकारी /कार्यकर्ता, और नागरिकगण उपस्थित रहे।


