कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कटनी शहर महिला कांग्रेस द्वारा ‘मां तुझे सलाम—मेरी पतंग, मेरी अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा एवं मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व शहर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनी वर्मा ने किया।
कार्यक्रम में 15 से 25 वर्ष की बेटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी बनाई हुई रंग-बिरंगी पतंगों के जरिए अपने सपनों, भावनाओं, सोच और रचनात्मकता को अभिव्यक्त किया। बेटियों ने अपनी पतंगों पर संदेश लिखकर वीडियो के माध्यम से अपनी बात रखी और QR कोड के जरिए अपनी कला एवं भावनाओं को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने बताया कि प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई पतंगों, उन पर लिखे संदेशों और वीडियो को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कार्यालय भेजा गया है। वहीं से विजेता प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। प्रथम विजेता को 10 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की जानकारी दी गई, जबकि अन्य चयनित प्रतिभागियों को भी अलग-अलग नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला मौजूद रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शशि यादव, श्वेता कटारे, आदिता वर्मा, रूपा तिवारी, रेखा तिवारी, सुनीता सोनी, लक्ष्मी रजक, वर्षा बेरा, मंगल सिंह, रमेश सोनी, अभिषेक शिवहरे, रॉबिन पीटर, दिलदार खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के बीच बेटियों की प्रतिभा, सपनों और अभिव्यक्ति को एक नई उड़ान देने का संदेश दिया।


