कटनी। कटाऐघाट जल संशोधन संयंत्र परिसर रविवार को हरियाली के संकल्प का गवाह बना। सामान्य वन मंडल कटनी, नगर निगम और विजन ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में करीब 40 स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
🌱 शमी, आंवला, शीशम, खमेर समेत कई प्रजातियों के पौधे रोपे गए, वहीं सीताफल, जामुन और नीम के बीजों से तैयार सीड बॉल्स भी परिसर में रोपी गईं।
🌿 DFO गर्वित गंगवार ने बच्चों को दिया पर्यावरण का पाठ
वन मंडल अधिकारी श्री गर्वित गंगवार ने विद्यार्थियों को स्थानीय मिट्टी, जलवायु और परिस्थितियों के अनुसार पौधों के चयन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही नहीं, उसे बचाना और आसपास की स्वच्छता बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।
🧹 अभियान के दौरान परिसर में फैली पॉलिथीन और अन्य कचरा सामग्री को भी एकत्र कर उचित निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में उप वन मंडल अधिकारी कार्तिकेय भट्ट, विजन ग्रुप के आशुतोष सहित वन विभाग और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


