कटनी। एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धारवे के नेतृत्व में आज थाना विजयराघवगढ़ क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर संदिग्धों की चेकिंग का अभियान चलाया गया। एसडीओपी एवं थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने आज दलबल के साथ क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से
होटल ढाबे और यहां वहां खड़े लोगों को चेक किया साथ ही पैदल पेट्रोलिंग भी की। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से निकले थाना प्रभारी ने बाजार में अवस्थित रूप से खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराया एवं व्यापारियों को अव्यवस्था न फैलाने के लिए जागरूक रहने को कहा।
आपको बता दें कि श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिनय विश्वकर्मा के द्वारा थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं अमन चैन कायम रखने के लिए विशेष निर्देश प्रदान किए गए हैं। एसपी महोदय द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री कमल मौर्य जी के मार्गदर्शन में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में आज थाना क्षेत्र का जायजा लेने के लिए थाने के स्टाफ को साथ में लेकर पैदल पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान सुनसान क्षेत्र में अनायास खड़े पाए गए आवारा तत्वों को फटकार लगाते हुए उनसे वहां मौजूद होने का कारण पूछा गया। साथ ही होटल ढाबे और आने जाने के ऐसे स्थान जहां पर संदिग्धों के मूवमेंट की सूचनाए मिलती रहती हैं उन स्थानों पर अचानक पुलिस दल के द्वारा चेकिंग की गई। थाना प्रभारी श्री चौबे ने कहा कि क्षेत्र की शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के द्वारा क्षेत्र के गुंडे बदमाशों के ऊपर विशेष निगाह रखी जा रही है। सूचना मिलते ही तत्काल कार्यवाही अवश्य की जाएगी।

