कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में 15 अगस्त 2026 (स्वतंत्रता दिवस) के मुख्य समारोह के आयोजन की तैयारियों के संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने जिले में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने सहित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिये ।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा सहित अन्य जिला अधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान शासन के निर्देशानुसार मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, ध्वज सलामी, गुब्बारों का उड्डयन, मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण, मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन, हर्ष फायर, मार्च पास्ट प्लाटून कमाण्डरों से परिचय तथा पुरस्कार वितरण के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था, मुख्य कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल, ध्वज दंड पेंटिंग आवश्यक साफ-सफाई, मुख्य स्थलों की साफ-सफाई साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, मंच व्यवस्था, पुरस्कार वितरण, आमंत्रण पत्रों का मुद्रण सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही हेतु आयुक्त नगर निगम को निर्देशित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम स्थल मे आयोजित परेड मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन व नगर पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक के निर्देशन में परेड हेतु जिला पुलिस बल, सशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड, एन.एस.एस, एन.सी.सी, को शामिल कर परेड की व्यवस्था करने। परेड रिहर्सल 4 अगस्त से शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अंतिम रिहर्सल निरीक्षण 13 अगस्त को किया जाएगा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिये जाने हेतु नाम प्रस्तावित करने जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके अलावा मुख्य समारोह स्थल पर आवश्यकतानुसार डाक्टरों एवं दवाई व एम्बुलेंस की व्यवस्था हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपा गया।
14 एवं 15 अगस्त को सार्वजनिक शासकीय अर्धशासकीय भवनों एवं ओव्हर ब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था करनें सहित जेल मेन्युवल के प्रावधानों के अनुरूप बंदियों को स्वादिष्ट व्यंजन प्रदाय करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभाग प्रमुखों को दिये गए।


