*योगेश गजभिये पांढुरना*.मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में 15 से 30 जुलाई 2026 तक संचालित ‘नशा से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान का गुरुवार को लक्ष्मी स्मृति भवन, पांढुर्णा में समापन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार ने प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 15 दिवसीय अभियान के दौरान जिलेभर में भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली तथा अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोकामना प्रसाद, एसडीओपी बृजेश भार्गव, एसडीएम अलका एक्का, एसडीओ वन विभाग चंचल पवार सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।


