जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर निवार पुलिस का शिकंजा, 28 सवारियों से भरी पिकअप जब्त*
*माधवनगर थाना क्षेत्र की निवार चौकी की कार्रवाई, ओवरलोडिंग के साथ चालक के पास नहीं मिले वाहन के वैध दस्तावेज*
कटनी। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत माधवनगर थाना अंतर्गत निवार पुलिस चौकी ने यात्रियों की जान जोखिम में डालकर ओवरलोड वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 28 सवारियों से भरी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। वाहन चालक के पास आवश्यक दस्तावेज भी नहीं मिले, जिसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी संजय दुबे के निर्देशन में निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा अपनी टीम के साथ वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-20 जीबी-3329 को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि वाहन में क्षमता से कहीं अधिक 28 सवारियां बैठाई गई थीं, जिससे यात्रियों की जान को गंभीर खतरा बना हुआ था।
वाहन चालक रोशन रजक (37 वर्ष), निवासी ग्राम पोंडी, थाना पाटन, जिला जबलपुर से वाहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 66/192 एवं 52/192 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप में सवारियां इस तरह ठूंस-ठूंसकर बैठाई गई थीं कि कई लोगों के पैर वाहन से बाहर लटक रहे थे, जबकि कई यात्रियों को बैठने तक की पर्याप्त जगह नहीं थी। ऐसी स्थिति में किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता था।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं और यातायात नियमों का पालन करें। ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर, स्कूली वाहनों में भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी लगातार सामने आ रही है। कई ऑटो, वैन और ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा है। निर्धारित सुरक्षा उपकरणों और नियमों की अनदेखी बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रही है। ऐसे वाहनों पर भी प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।


