*योगेश गजभिये पांढुरना*.कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अपर कलेक्टर ज्योति भलावे ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई में कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, जल प्रदाय, प्रधानमंत्री आवास योजना, नामांतरण, अतिक्रमण, गोवंश तस्करी की रोकथाम, मोहगांव जलाशय, अनुकंपा नियुक्ति, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पेयजल संकट, फर्जी दस्तावेज, पंचायत कार्यों में अनियमितता, वेतनमान, फसल नुकसान, लिगल गार्जियन प्रमाण-पत्र, कृषि भूमि के रास्ते, साप्ताहिक बाजार में अतिक्रमण तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए।
ग्राम पंचायत सिवनी के ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियमित उपस्थिति एवं आवश्यक स्वास्थ्य कर्मियों की पदस्थापना की मांग की। मोहगांव स्थित श्री क्षेत्र अर्धनारीश्वर ज्योतिर्लिंग संस्थान एवं अन्य नागरिकों ने गोवंश तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा मोहगांव बेल बाजार बंद कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य सामाजिक संगठनों ने भी गो तस्करी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
जनसुनवाई में मोहगांव नगर परिषद की जल प्रदाय योजना में कथित अनियमितताओं की जांच, मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि के लंबित प्रकरण, मोहगांव जलाशय से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा, राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने, फौती नामांतरण, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण तथा अवैध कब्जे से जुड़े मामलों पर भी आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा ग्राम नरसला के ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही सूची की जांच की मांग की। ग्राम इरवा के ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी भवन सहित अधूरे निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का आवेदन दिया। ग्राम रामाकोना के वार्ड क्रमांक 17 के नागरिकों ने शराब दुकान को पूर्व निर्धारित स्थान पर ही संचालित रखने का अनुरोध किया, जबकि ग्राम अंबाडा के व्यापारी ने साप्ताहिक बाजार में दुकान की जगह से अतिक्रमण हटाकर न्याय दिलाने की मांग रखी। वहीं कई आवेदनों में कृषि भूमि के रास्ते, भूमि वापस दिलाने, अवैध कब्जा हटाने, अनुकंपा नियुक्ति, वेतनमान, लिगल गार्जियन प्रमाण-पत्र, फसल नुकसान पर मुआवजा तथा पंचायतों में विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं।
अपर कलेक्टर ज्योति भलावे ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आज कलेक्टर सभा कक्ष में उपस्थित संयुक्त कलेक्टर मेघा शर्मा एवं नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा अलका एक्का, प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न जिला अधिकारी उपस्थित रहे ।


