कटनी, 30 जून। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में आमजन की शिकायतों की सुनवाई की गई। जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी (स्लीमनाबाद), एसडीओपी धीरेन्द्र धार्वे (विजयराघवगढ़) एवं डीएसपी अजाक शिवा पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत गंभीरता से सुनी और संबंधित थाना प्रभारियों व पुलिस अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। अधिकारियों ने फरियादियों को शासन की साइबर सुरक्षा गाइडलाइन का पालन करने, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए साइबर सेल को निर्देशित किया।
इस दौरान पारिवारिक विवाद, आपसी विवाद, पैसों के लेन-देन, पुलिस द्वारा सुनवाई न होने की शिकायतें, भूमि एवं प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध सहित अन्य पुलिस संबंधी मामलों पर सुनवाई की गई। वहीं अन्य विभागों से जुड़े मामलों में आवेदकों को संबंधित विभाग से संपर्क करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा.


