कटनी। बड़वारा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए विगत लगभग एक वर्ष से फरार चल रहे तीन कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे फरार आरोपियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बड़वारा पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2025 को फरियादी जगदेव सिंह सोलंकी (81) निवासी ग्राम बांसा, थाना चंदिया, जिला उमरिया (हाल निवासी ग्राम परसेल, थाना बड़वारा) ने थाना बड़वारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 13 मई 2025 को जमीनी विवाद के चलते आरोपी अमोल सिंह, गुलाब सिंह, सूरज सिंह, टिंकू सिंह, चिंटू सिंह एवं पुष्पेन्द्र ने उनके परिवार के तेजभान सिंह और जयभान सिंह सोलंकी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं।
रिपोर्ट के आधार पर थाना बड़वारा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 18 जून 2026 को बड़वारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी सूरज सिंह पिता अमोल सिंह, अमोल सिंह पिता रामेश्वर सिंह एवं चिंटू सिंह पिता मिथिलेश सिंह, निवासी ग्राम परसेल, थाना बड़वारा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.के. पटेल, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह एवं प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।


