रिपोर्टर संतोष चौबे
कलेक्टर ऊषा परमार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए 5 से 21 जून तक संचालित विशेष अभियान में लापरवाही बरतने पर अजयगढ़ के ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी बनवारी लाल कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्यवाही की है। संबंधित अधिकारी को अभियान अवधि में वृक्षारोपण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होने तथा इसकी कार्ययोजना से एसडीएम एवं जनपद पंचायत सीईओ को अवगत नहीं कराने पर निलंबित किया गया है, जबकि वृक्षारोपण कार्यक्रम की गतिविधियों के लिए उद्यानिकी विभाग को नोडल विभाग नामांकित कर आवश्यक दायित्व सौंपा गया था। इसके अलावा ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी जनकल्याण शिविर आयोजन के दौरान गत शुक्रवार को अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए थे। अनुपस्थिति के संबंध में न ही सक्षम स्तर पर पूर्व सूचना दी गई एवं न ही अवकाश प्राप्त किया गया। सहायक संचालक उद्यान द्वारा अवगत कराया गया कि श्री कुशवाहा बगैर छुट्टी स्वीकृति के जिला मुख्यालय से बाहर हैं।
जिला कलेक्टर ने म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम 3 के उल्लंघन तथा पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता बरतने तथा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन न करने पर म.प्र. सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9 के तहत बनवारी लाल कुशवाहा को निलंबित किया है। निलंबन काल में इनका मुख्यालय कार्यालय सहायक संचालक उद्यान निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी।


