*शासकीय कार्यों में लापरवाही पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने सख्त रुख अपनाकर की कड़ी और बड़ी कार्यवाही*
कटनी जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत कछारगांव छोटा के ग्राम रोजगार सहायक श्री बालकिशन कटारे को शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने का खामियाजा भुगतना पड़ा है। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सख्त रुख अपनाकर बड़ी और कड़ी कार्रवाई करते हुए श्री कटारे को रोजगार गारंटी परिषद के निर्देशों और प्रावधानों के अंतर्गत शासकीय कार्यों से विरत करते हुए जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में संलग्न किया है। सुश्री कौर द्वारा जारी आदेश के मुताबिक ग्राम रोजगार सहायक को नियमानुसार निर्धारित पारिश्रमिक का 50% पारिश्रमिक का भुगतान किया जाएगा।
*मामला ऐसा है*
जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर द्वारा जारी आदेश के मुताबिक जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का प्रस्ताव कड़ी कार्यवाही का सबब बना। ग्राम पंचायत कछार गांव छोटा के ग्राम रोजगार सहायक श्री कटारे द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत हितग्राही सोनेलाल पटेल के 90 दिवस की मजदूरी की राशि अन्य मजदूरों के खाते में नियम विरुद्ध भुगतान की गई। इनके द्वारा आधार ई-केवाईसी सत्यापन कार्य एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों में रुचि नहीं लिए जाने के फलस्वरुप की ई-केवाईसी कार्य का असंतोष जनक प्रतिशत 33.41और 44.20 रहा और वित्तीय वर्ष 2026-27 में लगभग 2 माह व्यतीत होने के बाद ग्राम पंचायत में सात कार्य प्रगतिरत होने के बावजूद मानव दिवस सृजित नहीं किया गए जो कठोर कार्रवाई के कारण बने।
*कारण बताओ सूचना पत्र का नहीं दिया जवाब*
ग्राम पंचायत कछारगांव छोटा के ग्राम रोजगार सहायक श्री कटारे को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब चाहा गया किंतु संबंधित द्वारा प्रतिवाद प्रस्तुत नहीं करते हुए पदीय कर्तव्यों के विपरीत शासकीय कार्यों में उदासीनता,लापरवाही एवं स्वेच्छाचरिता बरती गई।
*जनपद सीईओ जांच कर देंगे रिपोर्ट*
जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद से प्राप्त निर्देशों एवं ग्राम रोजगार सहायकों के संबंध में जारी मार्गदर्शिका एवं सेवा शर्तों की कंडिकाओं के अनुसार निर्धारित समयावधि में विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया है।


