कटनी। जिले के बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम साडा में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। यहां एक खदान में नहाने के दौरान मौसी और भतीजी की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पटना की 12 वर्षीय सिमरन उर्फ माही अपनी मौसी के घर शादी समारोह में शामिल होने आई थी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी 40 वर्षीय मौसी अनुतिया यादव के साथ श्मशान घाट के पास स्थित खदान में नहाने गई थी। इसी दौरान सिमरन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी।
भतीजी को बचाने के लिए मौसी अनुतिया यादव तुरंत खदान में कूद गईं, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों ही बाहर नहीं निकल सकीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर बाकल थाना पुलिस भी पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।
पुलिस के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।


