कटनी (25 अप्रैल) – जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पूर्ण हुए कार्यों का पूर्णता प्रमाण पत्र भी अनिवार्य रूप से जमा किया जाए। यह निर्देश कलेक्टर आशीष तिवारी ने डीएमएफ अंतर्गत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
बैठक के दौरान पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागवार प्रगतिरत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिले में स्वीकृत कुल 253 कार्यों में से 92 कार्य वर्तमान में प्रगतिरत हैं, जिनका कार्यवार परीक्षण किया गया। इनमें ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के 40, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) के 22, जल संसाधन विभाग के 5 तथा अन्य विभागों के 25 कार्य शामिल हैं।
कलेक्टर श्री तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कार्य स्थलों पर अतिक्रमण की समस्या है, वहां तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही जो कार्य लंबे समय से अपूर्ण हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। पूर्ण हो चुके कार्यों के प्रमाण पत्र जारी करने में किसी भी प्रकार की देरी न हो, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री श्रीमती शारदा सिंह, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पीएचई, जिला शिक्षा केंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


