पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा आज थाना बहोरीबंद एवं थाना बाकल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, अभिलेख, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कार्य, शस्त्रागार सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि थाना क्षेत्र में घटित सभी प्रकार के अपराधों के निराकरण हेतु तत्परतापूर्वक एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करते हुए गंभीर अपराधों को प्राथमिकता दी जाए। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर अपराध नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत निगरानी एवं प्रभावी गश्त (पेट्रोलिंग) करने, आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने तथा शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
थाना स्टाफ को अनुशासन, व्यवहार एवं कार्यकुशलता में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा नवनिर्मित थाना बाकल भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान पुरुष एवं महिला बंदीगृह का बारीकी से निरीक्षण किया गया। थाना बाकल में स्टाफ से पृथक-पृथक चर्चा कर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए तथा बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से जनता में पुलिस के प्रति विश्वास एवं जनसहयोग बढ़ाने पर बल दिया गया।
सड़क हादसों में कमी लाने हेतु बैरिकेडिंग एवं लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध शराब विक्रय करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने हेतु थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया। गुंडा निगरानी बदमाशों की सतत चेकिंग एवं उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।


