हरदा जिले की नसरुल्लागंज तहसील के अंतर्गत ग्राम चौरसिया खेड़ी से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित रूप से प्रशासनिक उदासीनता से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी सतीश कुशवाहा (पिता चंपालाल) ने 18 अप्रैल 2026 को गोपालपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि उन्होंने 1 सितंबर 2025 को मंजू (पिता कमलेश, निवासी धौलपुर) से प्रेम विवाह किया था।
आरोप है कि 18 अप्रैल को मंजू के परिजन 112 डायल वाहन के साथ आए और उसे अपने साथ ले गए। इस घटना के संबंध में सतीश ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन परिवार का कहना है कि समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इसी बात से आहत होकर सतीश ने 23 अप्रैल को अपने घर में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो यह दुखद घटना टाली जा सकती थी।
अब परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या इस मामले में संबंधित थाना स्टाफ और लड़की के परिजनों की भूमिका की जांच की जाएगी।


