रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। मुख्यालय पर जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के बीच कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कमेंट्स को लेकर चल रहा विवाद उस वक्त सामने आ गया, जब शुक्रवार देर रात अधिवक्ताओं के बीच मारपीट का मामला सिटी कोतवाली थाने तक पहुंच गया। मारपीट के उक्त मामले में एक वकील का कान तक जख्मी हो गया। वहीं दूसरे पक्ष का व्यक्ति भी घायल बताया जा रहा है।मामले की शुरुआत जिला अधिवक्ता संघ के कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा और संघ के अध्यक्ष दीपक जैन के अधिवक्ता पुत्र रोहन जैन के बीच सोशल मीडिया पर पिता के विरुद्ध किए गए कमेंट्स पर विवाद से हुआ। अध्यक्ष दीपक जैन के पुत्र रोहन का आरोप है कि कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा द्वारा उनके पिता संघ अध्यक्ष के खिलाफ व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही थी, उक्त विषय पर बात करने गए थे, जहां विवाद हुआ। वहीं सिटी कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि दोनों ही पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। मामले में फरियादी राकेश कुमार शर्मा(46) निवासी शारदा कॉलोनी नर्मदापुरम ने केशव सिंह चौहान एवं दुर्गेश सल्लाम के साथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह जिला अधिवक्ता संघ कोषाध्यक्ष पद पर है। 17 अप्रैल को अधिवक्ता संघ अध्यक्ष दीपक जैन एवं सचिव मनोज जराठे द्वारा मेरे नाम पर संघ के 2 साल का आय व्यय का हिसाब 20 अप्रैल को कार्यकारिणी की मीटिंग में देने की सूचना दी गई थी। जिस पर मेरे द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप पर अध्यक्ष दीपक जैन द्वारा 2 साल पहले बेची गई जाली का हिसाब मांगा गया। इस पर उनका लड़का रोहन जैन व्हाट्सएप ग्रुप पर मेरे साथ गाली गलौज करने लगा। बाद में ऑफिस में आकर मारपीट की गई। उक्त मामले में पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर दीपक जैन,रोहन जैन,मुन्नू जैन सहित 2-3 अन्य साथी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया। वहीं दूसरी तरफ फरियादी रोहन जैन(32) निवासी सराफा चौक नर्मदापुरम ने साथी सागर दोहरे के साथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अधिवक्ता जिला अधिवक्ता संघ नर्मदापुरम के सदस्य हैं। 20 अप्रैल को संघ की बैठक में कोषाध्यक्ष अधिवक्ता राकेश शर्मा से उनके कार्यकाल का आय व्यय का हिसाब मांगने के लिए नोटिस दिया गया था। इस पर अधिवक्ता राकेश शर्मा द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप पर ऊलजुल मैसेज किए गए और मेरे पिताजी दीपक जैन को फोन लगाकर गाली गलौज की गई थी। तब मेरे पिता द्वारा पूछा गया कि तुम कहां पर हो, इस पर राकेश ने कहा मीनाक्षी चौराहे पर बॉम्बे चौपाटी के ऊपर अधिवक्ताओं के ऑफिस में बैठा हूं। इसके बाद मैं अपने साथी सागर दोहरे को लेकर मीनाक्षी चौक पर अधिवक्ताओं के ऑफिस गया और राकेश शर्मा को बुलाने के लिए भेजा। तब राकेश शर्मा ने सागर दोहरे पर शराब की बोतल लेकर मारने दौड़े। इस दौरान राकेश शर्मा सीढ़ियों पर पैर फिसलने से गिर गया। जिससे उसको चोट आई। तब मैने राकेश शर्मा को उठाकर बिठाया तो वह गाली देने लगा और मारपीट करने लगा। इसके बाद लोगों ने बीच बचाव कर छुड़ाया। वहीं पुलिस ने फरियादी रोहन जैन की शिकायत पर राकेश शर्मा, केशव सिंह चौहान, दुर्गेश सल्लाम के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में लिया है। इस घटना के बाद जिला अधिवक्ता संघ में काफी गहमागहमी का माहौल देखा जा रहा है।


