MP NEWS CAST मनीष गौतम 999325230
कटनी – जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी अंतर्गत संचालित ई-दक्ष केंद्र में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 विषय पर दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के लगभग 30 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
यह प्रशिक्षण भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली एवं आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल के तत्वाधान में संचालित तथा द्वारा प्रायोजित सूचना का अधिकार परियोजना के अंतर्गत संपन्न हुआ । प्रशिक्षण का उद्देश्य विभागीय स्तर पर सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नागरिकों को समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा ।
दो दिवसीय प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के मूल प्रावधान, लोक सूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी की भूमिका, आवेदन प्राप्ति से निराकरण तक की संपूर्ण प्रक्रिया, निर्धारित समय-सीमा, अपवाद स्वरूप सूचना, दंडात्मक प्रावधान, अभिलेख संधारण, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा विभागीय पारदर्शिता से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान ई दक्ष केंद्र के वरिष्ठ प्रशिक्षक सुनील त्रिपाठी द्वारा व्यवहारिक केस स्टडी, वास्तविक विभागीय उदाहरण, आवेदन निस्तारण की प्रक्रिया, रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, ऑनलाइन आवेदन प्रबंधन, अपील प्रकरणों के निराकरण तथा नागरिक हित में समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष चर्चा की गई। इससे प्रतिभागियों को अधिनियम की व्यावहारिक समझ विकसित करने और विभागीय कार्यों में उसके प्रभावी उपयोग की जानकारी प्राप्त हुई।
जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस सौरभ नामदेव ने बताया की कलेक्ट्रेट में स्थापित ई-दक्ष केंद्र में शासकीय कर्मचारियों के क्षमता संवर्धन, डिजिटल कार्यकुशलता एवं प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न विषयों पर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं । इसी क्रम में सूचना के अधिकार अधिनियम पर यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया ।


