मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का आगमन 14 मार्च को कटनी जिले के बरही तहसील में हुआ। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सुबह से ही विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लेने लगी।सबसे पहले विजयराघवगढ़ विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे नीरज सिंह बघेल को एक बैठक के दौरान ग्राम गोरहा में कार्यकर्ताओं के साथ वहीं पर नजर बंद कर दिया गया। इसके बाद खितौली और विजयराघवगढ़ से हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विजयराघवगढ़ थाने में बैठाया गया। लगभग 60 कांग्रेस के कार्यकर्ता शाम 6:00 बजे तक पुलिस की हिरासत में रहे।शाम को मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर बरही से उड़ने के बाद पुलिस ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया। आपको बता दें की ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विजयराघवगढ़ की ओर से सुबह ही सोशल मीडिया में यह सूचना प्रसारित कर दी गई थी कि मुख्यमंत्री के आगमन पर कांग्रेस की ओर से कोई भी ज्ञापन या प्रदर्शन का कार्यक्रम निर्धारित नहीं है। कांग्रेस की ओर से कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंप दिया गया है। इसके अलावा मीडिया के माध्यम से भी कांग्रेस ने अपना पक्ष रख दिया है। इसके बाद भी एहतियात के तौर पर पुलिस ने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शाम तक अपनी हिरासत में रखा।


