कटनी (23 फरवरी) – नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग,नगर निगम के माध्यम से संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों सहित समय सीमा में दर्ज लंबित पत्रों एवं प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता, प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, अंशुमान सिंह, असित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित अन्य शाखाओं के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में आयुक्त सुश्री परिहार ने वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों, समय-सीमा में दर्ज लंबित पत्रों की विभागवार समीक्षा की तथा विभागीय अधिकारियों को लंबित पत्रों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग की समीक्षा कर अधिकारियों को रोजाना प्राप्त शिकायतों को अटेंड कर गुणवत्ता युक्त निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान आयोग से प्राप्त पत्रों एवं न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा कर निगमायुक्त ने त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रतिवेदन दर्ज कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
विद्युतीकरण कार्य में लेट लतीफी पर करें नोटिस
निगमायुक्त द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रेमनगर बस्ती मल्टी में कराये जा रहे विद्युतीकरण के शेष कार्य तथा कार्य को पूर्ण करने की समय-सीमा की जानकारी लेते हुए समय पर कार्य पूर्ण नहीं करने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए।
उपयंत्री आईएचएसडीपी भवनों का शीघ्र दें जांच प्रतिवेदन
आईएचएसडीपी योजना के अंतर्गत प्राप्त 690 आवेदनों पर भवन आवंटन की कार्यवाही हेतु स्थल निरीक्षण कर वर्तमान में आवासों में निवासरत हितग्राहियों की पात्रता जांच के संबंध में उपयंत्रियों द्वारा की जाने वाली कार्यवाही की प्रगति की समीक्षा कर जांच प्रतिवेदन शीध्र प्रस्तुत कर नियमानुसार आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश उपयंत्रियों को दिए।
ई-नगर पालिका ऐप डाउनलोड करने नागरिकों को करें प्रेरित
बैठक के दौरान नागरिकों को निगम के बकाया कर को जमा करने एवं निगम की सेवाओं का आसानी से लाभ प्राप्त करने हेतु आयोजित हो रहे राजस्व वसूली शिविरों में ई-नगर पालिका ऐप का भी प्रचार-प्रसार कराते हुए, क्यूआर कोड के माध्यम से नागरिकों को ऐप डाउनलोड करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिए।
अवैध कॉलोनी के प्रकरणों पर करें गंभीरता से कार्यवाही
निगमायुक्त ने बैठक के दौरान अवैध निर्माण, कंपाउंडिंग तथा अवैध कॉलोनी के प्रकरणों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए गंभीरता से कार्यवाही करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह को दिए। इस दौरान उन्होंने उपयंत्रियों को सतत रूप से वार्डो का निरीक्षण कर अवैध कालोनी निर्माण के प्रकरणों पर गंभीरता से रोक लगाने हेतु निर्देशित किया।
इन प्रकरणों की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान ई-नगर पालिका के क्रियान्वयन में आ रहे परेशानियों का निराकरण एक सप्ताह में निराकरण कराने, टूरिज्म के हिसाब से खदानों के आसपास के स्थलों को विकसित करने हेतु प्राइवेट खदान संचालकों से बात करने, अवैध नल कनेक्शनों पर कार्यवाही करनें, अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनी एवं कंपाउंडिंग के प्रकरणों पर कार्यवाही करने, अनाधिकृत कॉलोनियों में विकास शुल्क शिविर का आयोजन करने, नदियों के सीमांकन हेतु की जाने वाली कार्यवाही को गति देकर शीघ्र प्रारंभ करनें, विभिन्न वार्डो में प्रधानमंत्री स्वनिधि शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने, बकाया करों की वसूली कार्य में संलग्न अन्य कर्मचारियों को भी पीओएस मशीन उपलब्ध कराने सहित निगम कर्मचारियों एवं पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण हेतु शुक्रवार को समस्या निवारण शिविर के साथ ही स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करने के निर्देश उपायुक्त श्री गुप्ता को दिए।
बैठक में सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री जे.पी सिंह बघेल, पवन श्रीवास्तव, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिह, विधि प्रभारी, योजना प्रभारी, कार्यालय अधीक्षक सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति रही।


