छिन्दवाड़ा/30 जनवरी 2026/ मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आज छिंदवाड़ा जिले में किसान कल्याण वर्ष 2026 की जागरूकता के लिए भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। यह रैली कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित ग्राउंड से प्रारंभ हुई और सत्कार तिराहा, इंदिरा तिराहा, फव्वारा चौक, ईएलसी चौक होती हुई कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित ग्राउंड में ही इसका समापन हुआ। इस रैली में लगभग 500 किसानों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारी, कर्मचारियों ने सहभागिता कर इसे सफल बनाया।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग छिंदवाड़ा द्वारा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में आयोजित इस बाइक रैली में कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायन, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, छिंदवाड़ा नगर निगम के महापौर श्री विक्रम अहके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय पुन्हार, श्री शेषराव यादव, जिला पंचायत सदस्य श्री कमलेश उइके, श्री लखन वर्मा, श्री मेर सिंह चौधरी, श्री रामाराव लाड़े, श्री संजय पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, उपसंचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह, उपसंचालक पशुपालन डॉ. एच.जी.एस पक्षवार, कृषि विज्ञान केन्द्र छिंदवाड़ा एवं देलाखारी के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ.आर.एल. राउत, डॉ. आर.के. झाड़े सहित समस्त वैज्ञानिक, ज़िले के प्रगतिशील किसान, कृषि, राजस्व, पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशानुसार किसानों के प्रति सम्मान प्रकट करने, खेती को लाभप्रद बनाने के लिए जागरूकता लाने, कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी व सहकारिता विभागों द्वारा किसानों को जैविक खेती, प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने, साप्ताहिक जैविक/ प्राकृतिक हाट बाज़ार के प्रति जागरूकता लाने, उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था ई- विकास प्रणाली की जानकारी देने, धरती माता बचाओ अभियान के अंतर्गत संतुलित उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने, धरती माता एवं पर्यावरण को बचाने के लिए नरवाई प्रबंधन की जानकारी देने, गौ पालन को प्रोत्साहित कर प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने आदि के उद्देश्यों से जिला मुख्यालय पर इस भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया।
विदित हो कि शासन द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाये जाने के अनुक्रम में प्रदेश में किसानों के मध्य किसान कल्याण वर्ष का वातावरण निर्मित करने एवं जागरूकता के लिए पूर्व से ही जिले में कृषि रथ भी संचालित हैं। इसी अनुक्रम में जिला स्तर पर इस मोटर साइकिल रैली का आयोजन जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रगतिशील किसानों और विभिन्न विभागों के शासकीय सेवकों की उपस्थिति में किया गया।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


