रिपोर्टर संजय त्रिपाटी
वन परिक्षेत्र देवेंद्रनगर के अंतर्गत आने वाले बांध के पास के जंगलों में आज मंगलवार 20 जनवारी को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जंगली तेंदुए ने बकरी चरा रही एक 50 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। अन्य चरवाहों की सूझबूझ और शोर-शराबे के कारण महिला की जान तो बच गई, लेकिन वह इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई है।
*झाड़ियों में घात लगाकर बैठा था तेंदुआ*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दाऊवन टोला निवासी माया राव (50 वर्ष), पति गया प्रसाद राव, हर दिन की तरह अन्य चरवाहों के साथ जंगल में बकरियां चराने गई थीं। जब वे बांध के ऊपरी हिस्से के पास पहुंचीं, तभी झाड़ियों में पहले से घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।
*चरवाहों के साहस से भागी मौत*
महिला की चीख-पुकार सुनकर पास ही मौजूद अन्य चरवाहे बिना डरे उसकी ओर दौड़े और शोर मचाना शुरू किया। चरवाहों को अपनी ओर आता देख तेंदुआ महिला को छोड़कर घने जंगल की ओर भाग निकला। आनन-फानन में ग्रामीणों को सूचना दी गई और लहूलुहान हालत में माया राव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर ले जाया गया।
*वन विभाग ने दी तत्काल सहायता*
घटना की खबर मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी रमाकांत गर्ग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल महिला का हाल जाना और विभाग की ओर से फौरन राहत के तौर पर 1000 रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। वही डॉ. अभिषेक जैन, बीएमओ, देवेंद्रनगर ने बताया कि महिला के शरीर पर तेंदुए के नाखूनों और दांतों के गहरे घाव हैं। प्राथमिक उपचार कर दिया गया है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है।

