छिन्दवाड़ा कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायन के निर्देशानुसार वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड एरिया परासिया द्वारा सीएसआर मद से एलिम्को जबलपुर के सहयोग से जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केन्द्र, छिंदवाड़ा में आज कृत्रिम अंग चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूर-दराज क्षेत्रों से आए दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में उन्हें चिन्हांकित करना रहा।
शिविर का शुभारंभ भारतीय रेडक्रास सोसायटी के सचिव श्री निरपत टेकरे, उपाध्यक्ष डॉ. हितेश मिश्रा, रेडक्रास सोसायटी के पूर्व सचिव डॉ. दिलीप खरे तथा दिव्यांग एकता कल्याण मंच के प्रदेश सचिव श्री अरविंद कुमार बाथव द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण अंचलों से आए लगभग 150 दिव्यांगजनों ने पंजीयन कराया, जिनमें से करीब 80 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं कैलीपर्स के लिए चयनित किया गया।
चयनित दिव्यांगजनों को आगामी शिविरों में आमंत्रित कर कृत्रिम अंगों का वितरण किया जाएगा। उपलब्ध कराए जाने वाले कृत्रिम अंग उच्च गुणवत्ता के, हल्के वजन एवं अधिक लचीले होंगे, जिससे दिव्यांगजन उन्हें पहनकर सुगमता से चल-फिर सकेंगे। शिविर में दिव्यांगजनों के लिए स्वल्पाहार एवं टेंट की व्यवस्था भारतीय रेडक्रास सोसायटी द्वारा की गई।
शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने प्रभारी उपसंचालक श्री पुष्पेन्द्र निगम भी पहुंचे तथा आयोजन की जानकारी ली। शिविर में जिला समन्वयक श्री अनिल भारती, समग्र सुरक्षा अधिकारी श्री अंशुल सावले, श्रीमती लीना उइके सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया। मंच संचालन प्रशासनिक अधिकारी श्री पंचलाल चंद्रवंशी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर केन्द्र में पदस्थ श्री रविन्द्र सनोडिया, डॉ. नम्रता सूर्यवंशी, वरलक्ष्मी नायडू, कमलेश डेहरिया, श्री घनश्याम विश्वकर्मा, डॉ. दीपिका वर्मा, राधिका श्रीवास्तव, श्री राजाराम धुर्वे, श्री मुकेश राज एवं श्री सुनील पाटिल की सक्रिय सहभागिता रही। एलिम्को जबलपुर की टीम के श्री दीपक गुप्ता, श्री राज राघव एवं श्री धीरज कुमार द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उन्हें कृत्रिम अंग हेतु चयनित किया गया।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


