उमरियापान निवासी पान किसान गुलाबचंद चौरसिया (73) का रविवार दोपहर आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुलाबचंद चौरसिया पान की खेती से परिवार की आजीविका चलाते थे और उनके पास लगभग 15 पारियों का बरेजा था। पान किसानों ने बताया कि पिछले कुछ समय से पान की बिक्री नहीं होने के कारण परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। रविवार सुबह वे रोज की तरह घर से पान बरेजा जाने के लिए निकले थे। बरेजा के पास अचानक गिर जाने पर ग्रामीणों ने उन्हें देखा और तत्काल उमरियापान अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। जबलपुर ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पान किसान अपने पीछे पत्नी मोम बाई चौरसिया, पुत्र दिनेश, बडडू और छुट्टू सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार सोमवार सुबह 10 बजे किया जाएगा। उनके निधन पर पान किसानों में भी गहरी संवेदना व्याप्त है।
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


