कटनी – शासकीय कन्या महाविद्यालय में कलेक्टर एवं जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में सामान्य परिषद की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रस्तावों पर चर्चा उपरांत अनुमोदन किया गया। साथ ही पूर्व बैठक एजेण्डा का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
कलेक्टर श्री तिवारी ने बैठक में सिक्योरिटी गार्ड के लिये टेण्डर प्रक्रिया पूर्ण होने तक अधिकतम तीन माह तक पुराने टेण्डर की अवधि को बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही टेण्डर प्रक्रिया में जिला संस्थागत वित्त अधिकारी को सदस्य के रूप में नामांकित करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में बस संचालन का भुगतान बैठक के पूर्व का भुगतान पुरानी दर पर किये जाने की सहमति प्रदान की गई। जुलाई 2025 से नवंबर पैड दिसंबर 2025 तक का भुगतान पूर्व टेण्डर में निर्धारित दरों के अनुसार भुगतान करने एवं जनवरी 2026 से 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ भुगतान दर पर जून 2026 तक के लिये बस चलवाने के लिये टेण्डर अवधि को बढ़ाया गया।
बैठक में कॉन्फ्रेन्स रूम हेतु 50 कुर्सियां एवं महाविद्यालय हेतु सेनेटरी मशीन, पोडियम विथ माईक, इनवर्टर, एल.सी.डी. प्रोजेक्टर क्रय करने हेतु सर्वसम्मति से सहमति प्रदान की गई। बायोटेक एवं राजनीतिशास्त्र विषय हेतु 12 हजार रूपये प्रतिमाह मानदेय पर सत्र 2025-26 के लिये स्व वित्तीय अतिथि विद्वान की नियुक्ति हेतु सर्वसम्मति से सहमति प्रदान की गई। लाईब्रेरी की खिड़कियों में जाली लगवाने हेतु 10 हजार, वोकेशनल पाठ्यक्रम में विशेषज्ञ द्वारा 500 रूपये (प्रति दिवस के आधार पर) शिक्षण करवाने, समाचार पत्र पत्रिकाओं में टेण्डर के प्रकाशन हेतु प्रकाशित कराये जाने हेतु सहमति प्रदान की गई।
बैठक में स्व-सहायता समूह द्वारा कैण्टीन के संचालन हेतु पुरानी बैठक की शर्तों के अनुसार बुलाये गये टेण्डर नहीं आने पर टेण्डर की शर्तों को संशोधित करते हुये मासिक किराया 5 हजार रूपये एवं प्रतिभूति की राशि 25 हजार रूपये की गई। साथ ही जनभागीदारी अतिथि विद्वानों एवं जनभागीदारी कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि हेतु अन्य महाविद्यालय में जन भागीदारी अतिथि विद्वानों एवं जन भागीदारी कर्मचारियों के मानदेय भुगतान का तुलनात्मक चार्ट बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। साथ ही विज्ञान विभाग को 10 हजार रूपये एवं कला संकाय में 5 हजार रूपये की स्वीकृति हेतु सर्वसम्मति से अनुमति प्रदान की गई।
महाविद्यालय में ओपन जिम के स्थानांतरण कराने हेतु जिस एजेंसी के द्वारा ओपन जिम लगाया गया है, उसी एजेंसी से कार्य कराने की अनुमति प्रदान की गई। कलेक्टर श्री तिवारी ने अन्य विषय में 1 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक एक कैलेण्डर वर्ष के लिये आकस्मिक व्यय हेतु एक लाख रूपये प्राचार्य को व्यय करने की सर्वसम्मति से अनुमति प्रदान की गई। बैठक में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात मौजूद रहीं।


