कटनी में इंसानियत की जीत: मैरिज गार्डनों की लूट के बीच मंदिर बना गरीब बेटी की ढाल, निःशुल्क सम्पन्न हुआ विवाह
कटनी | संवाददाता
जहाँ एक ओर कटनी शहर और उपनगरीय क्षेत्रों में स्थित मैरिज गार्डनों में मनमानी कीमतों की लूट मची हुई है और वर-वधु पक्ष से मनचाहा किराया वसूला जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के जगन्नाथ चौक स्थित श्री जगदीश स्वामी मंदिर ने मानवता और सेवा का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसने पूरे शहर का दिल जीत लिया।
श्री जगदीश स्वामी ट्रस्ट कमेटी द्वारा मंदिर की रसोई एक गरीब कन्या के विवाह के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गई, जिससे उस कन्या का विवाह पूरे विधि-विधान और धूमधाम से सम्पन्न हुआ। इस पुनीत कार्य से न केवल कन्या के माता-पिता भावुक और कृतज्ञ नजर आए, बल्कि जिसने भी इस सेवा भाव को सुना, उसने ट्रस्ट कमेटी को खुले दिल से सराहा।
“गरीब बेटियों के विवाह के लिए आगे भी रहेगी निःशुल्क सुविधा” – प्रमोद सरावगी
श्री जगदीश स्वामी ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद सरावगी ने कहा कि
“किसी भी गरीब कन्या के विवाह के लिए जगन्नाथ ट्रस्ट कमेटी आगे भी मंदिर की रसोई निःशुल्क उपलब्ध कराती रहेगी। यह सेवा निरंतर चलती रहेगी।”
उन्होंने बताया कि नव निर्माण के बाद मंदिर की रसोई का परिसर काफी विस्तृत हो गया है, जहाँ भविष्य में भी किसी गरीब बेटी का विवाह भव्य रूप से सम्पन्न कराया जा सकता है।
शहर में बन रहा सकारात्मक संदेश
इस मानवीय पहल से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जहाँ एक ओर कुछ संस्थान केवल मुनाफे के लिए आमजन पर आर्थिक बोझ डाल रहे हैं, वहीं धार्मिक और सामाजिक संस्थाएँ आज भी सेवा, संस्कार और सहयोग की मिसाल कायम कर रही हैं।
श्री जगदीश स्वामी ट्रस्ट की यह पहल निश्चय ही समाज के अन्य संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।


