वृंदावन।बांके बिहारी मंदिर में विहार पंचमी व ठाकुरजी प्राकट्योत्सव के अवसर पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच मंगलवार शाम एक श्रद्धालु के साथ हुई हिंसक घटना से श्रद्धालुओं में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। पंजाब निवासी 60 वर्षीय राजन अरोड़ा दर्शन के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरे घाव आए हैं और खून बहने के कारण उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब सात बजे मंदिर परिसर में भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान जगमोहन क्षेत्र के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो अचानक हिंसा में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान राजन अरोड़ा पर हमला कर दिया गया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल श्रद्धालु को उपचार के लिए भेजा। पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
चौकी प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है, फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए मीडिया सूत्र


