छिन्दवाड़ा/25 नवंबर 2025/ जिले में रासायनिक खाद, विशेषकर यूरिया की उपलब्धता और सुव्यवस्थित वितरण को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायन ने गत दिवस कलेक्टर सभाकक्ष में विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित छिंदवाड़ा की 16 शाखाओं एवं 98 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख समितियों (उपसमितियों) के प्रभारियों और प्रबंधकों ने सहभागिता की।
कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देशित किया कि किसानों की मांग के अनुरूप समय पर रासायनिक खाद की उपलब्धता किसी भी स्थिति में बाधित न हो। उन्होंने कहा कि जिन समितियों ने अब तक निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप खाद वितरण नहीं किया है, वे तत्काल लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करें। लगभग डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में कलेक्टर ने सभी समितियों और बैंक शाखाओं को खाद की आपूर्ति व वितरण में पारदर्शिता तथा सतत निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जिले में रासायनिक खाद वितरण की समीक्षा कलेक्टर श्री नारायन द्वारा प्रत्येक सप्ताह निरंतर की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध हो सके। बैठक में उप आयुक्त सहकारिता जी.एस. डेहरिया, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की प्रबंधक प्रशासन मोना कोरी, सहायक संचालक धीरज ठाकुर एवं कृषि विकास अधिकारी शैलेन्द्र धुर्वे उपस्थित रहे।
जिन समितियों का रासायनिक खाद लक्ष्य पूर्ति में प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, उनमें चावलपानी, कोहका, बाघबर्धिया, देलाखारी, घानाउमरी, खिरेटी, नवेगांवकला, परासिया, पलटवाड़ा, झिरपा, बनगांव और लिखड़ीखटकर शामिल हैं। कलेक्टर ने इन समितियों को तत्काल प्रगति सुधारने के निर्देश दिए। वहीं पिंडरईकला, खमरा, छुई, सोनपुर और अमरवाड़ा समितियों ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप रासायनिक खाद का वितरण सुनिश्चित किया है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


