छिन्दवाड़ा/23 नवंबर 2025/ 24 एमपी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल थॉमस ओमेन के मार्गदर्शन में 24 एमपी बटालियन एनसीसी द्वारा एनसीसी दिवस के अवसर पर आठवीं बटालियन के परिसर में स्थित स्वास्थ केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया । आयोजित रक्तदान महादान शिविर में रविवार के दिन प्रात 9:00 बजे 140 एनसीसी कैडेट्स 24 एमपी बटालियन के सभी एनसीसी अधिकारियों तथा पी आई स्टाफ की उपस्थिति में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग की साइबर क्राइम कंट्रोल एक्सपर्ट्स के टीम द्वारा उपस्थित सभी एनसीसी कैडेट्स को वर्तमान में देश तथा प्रदेश में घट रही साइबर क्राइम से संबंधित घटनाओं से सतर्क रहकर किन सावधानियां का पालन करना चाहिए इससे अवगत कराया गया। इसी प्रांगण में स्थित स्वास्थ्य केंद्र में जिला अस्पताल की छिंदवाड़ा की ब्लड बैंक की टीम की देखरेख में 38 सीनियर डिवीजन के एनसीसी कैडेट्स द्वारा रक्तदान किया गया । इस अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के एनसीसी अधिकारी तथा पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ.शेखर ब्रम्हने द्वारा भी रक्तदान किया गया।
रक्तदान महादान शिविर में एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक श्री विनोद जगवानी तथा उनकी टीम उपस्थित रही, जिनके द्वारा इस कार्यक्रम को प्रायोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा के एनसीसी कैडेट्स तथा कन्या महाविद्यालय शासकीय महाविद्यालय अमरवाड़ा डेनियल्सन डिग्री कॉलेज छिंदवाड़ा के एनसीसी कैडेट्स ने इस अवसर पर बढ़-चढ़कर के हिस्सा लिया। उपस्थित सभी कैडेट्स का नि:शुल्क रक्त परीक्षण किया गया, जिसमें पांच प्रकार की जांच सम्मिलित थी केएफटी, एलएफटी, सीबीसी की नि:शुल्क जांच के लिये सैंपल लिए गए। सभी एनसीसी कैडेट्स को पौष्टिक स्वल्पाहार, गिफ्ट पैक, प्रमाणपत्र सहित प्रशस्तिपत्र देकर रक्तदान जैसे समाजसेवा के कार्य को करने के लिये सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला अस्पताल से ब्लड बैंक विशेषज्ञों की टीम द्वारा सभी एनसीसी कैडेट्स, 24 एमपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी, एनसीसी अधिकारियों एवं उपस्थित पी स्टाफ को धन्यवाद ज्ञापित किया गया और अभिनंदन किया गया। एचडीएफसी बैंक के प्रबंधन तथा उनके सहयोगियों द्वारा भी इस एनसीसी दिवस के अवसर पर किए गए रक्तदान महादान के उदाहरण द्वारा समाज को नई दिशा और संदेश देने के लिए उठाए गए इस अभिनव कदम की सराहना की गई।
उल्लेखनीय है कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन माह में रक्तदान कर सकता है। सामान्य तौर पर जिनका हीमोग्लोबिन वजन निर्धारित मापदंड तक पूरा करता हो, गंभीर रोग से पीड़ित ना हो वह रक्तदान कर सकता है, इससे उसके स्वास्थ्य में ही लाभ होता है और समाज सेवा का संकल्प पूर्ण होता है। जिले में समय-समय पर एनसीसी 24 एमपी बटालियन एनसीसी के द्वारा विभिन्न प्रकार के आयोजन किए जाते हैं। विभिन्न चौराहों की साफ-सफाई, सरोवरों में स्वच्छता अभियान, विभिन्न जागरूकता रैली, रन फॉर यूनिटी और विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर जिले में जागरूकता संबंधित कार्य संपादित किए जाते हैं।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


