कटनी। आस्था, उत्सव और सांस्कृतिक रंगों से सजा श्री बजरंग कटायेघाट मेला आज अपने चरम पर पहुँचेगा। 5 नवंबर से लगातार रौनक बिखेर रहे इस पारंपरिक मेले का आज धमाकेदार समापन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जहाँ धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुति और इनामी दंगल तक सबकुछ खास होने वाला है।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि कटायेघाट मेला नगर की पहचान है और सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत तथा परंपरा का जीवंत प्रतीक है। मेले में प्रतिदिन उमड़ रही भीड़ ने यह साबित किया है कि शहरवासी अपने संस्कारों और संस्कृति से गहरा जुड़ाव रखते हैं।
आज के प्रमुख कार्यक्रम
• 1:00 PM – 3:00 PM : इनामी दंगल का रोमांच
• 3:00 PM – 4:30 PM : सांस्कृतिक धमाल
स्कूलों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों द्वारा एकल गायन, रिकॉर्ड डांस, समूह नृत्य और फैंसी ड्रेस की आकर्षक प्रस्तुतियाँ
• 5:30 PM – 8:00 PM : ग्रैंड समापन एवं सम्मान समारोह
मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा प्रतियोगिता विजेताओं, मेले में योगदान देने वाले कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों को सम्मान
निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक और निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने भी नागरिकों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कटायेघाट की अनोखी परंपरा को और भव्य बनाने की अपील की है। नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाएँ इस वर्ष मेले की विशेष आकर्षण रही हैं, जिनकी शहरवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।


