MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
वाटरशेड परियोजनाओं, तालाबों, निर्माण कार्यों और योजनाओं का आकस्मिक निरीक्षण
कटनी (6 नवंबर)।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने गुरुवार को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के बम्हनी, उमरिया पान और बरेली रामपुर ग्राम पंचायतों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देश के भौगोलिक केंद्र बिंदु करौंदी की व्यवस्थाओं को बेहतर स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रावधानों के अनुसार आरोपित शुल्क से चौकीदार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि यहाँ आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुश्री कौर ने वाटरशेड योजनाओं से निर्मित संरचनाओं में जल संरक्षण की स्थिति, सिंचाई सुविधा, मत्स्य पालन और कृषकों की आमदनी बढ़ाने वाले कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की।
खेत तालाब से मिली किसान को अतिरिक्त आमदनी, सीईओ ने सुनी बात
निरीक्षण के दौरान सुश्री कौर बम्हनी के बनैहरा ग्राम पहुँचीं, जहाँ 10.44 लाख रुपए की लागत से निर्मित अमृत सरोवर का निरीक्षण किया।
इसके बाद उन्होंने करौंदी के किसान रामदीन चौधरी के खेत में 4.95 लाख रुपए की लागत से बने खेत तालाब का अवलोकन किया।
रामदीन ने उन्हें बताया कि तालाब बनने से सिंचाई में बड़ी सुविधा मिली है और मत्स्य पालन से आय बढ़ी है, जिससे आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।
सीईओ ने किसान की पहल की सराहना की और ऐसे कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इसके बाद वे बरेली रामपुर में निर्मित चेक डैम पर पहुँचीं और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कस्टम हायरिंग सेंटर में उत्पादक संघ से चर्चा
मढ़ेरा स्थित कस्टम हायरिंग सेंटर पहुंचकर उन्होंने कृषक उत्पादक संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा की।
पदाधिकारियों ने बताया कि चिया सीड का संग्रहण–भंडारण कर उचित समय पर बेहतर दामों पर बिक्री की जा रही है, जिससे किसानों की आय बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि पोहा प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के प्रयास जारी हैं।
सीईओ ने क्षेत्र में उर्वरक उपलब्धता, विद्युतीकरण और कृषि उपकरणों के सुचारू उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उमरिया पान में विभिन्न निर्माण कार्यों की गहन जांच
उमरिया पान ग्राम में उन्होंने मनरेगा के तहत बने खेल मैदान, अतिरिक्त कक्ष, 15वें वित्त से निर्मित संस्कृतिक भवन और अन्य विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए—
“तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य हर स्थिति में सुनिश्चित किए जाएं।”
उन्होंने ग्राम के पुराने स्तंभ को विधिसंगत प्रक्रिया से डिस्मेंटल करने के निर्देश भी जारी किए।
साथ ही शांति धाम, नाला बंधान, चेकडैम, जलगंगा संवर्धन और एक बगिया मां के नाम जैसे कार्यों का भी जायजा लिया।
राशन पर्ची की समस्या का निर्देशित समाधान
निरीक्षण के दौरान राकेश पटेल द्वारा राशन पर्ची से जुड़ी समस्या बताने पर सीईओ ने संबंधित विभाग को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
निरीक्षण कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी, सहायक यंत्री अजय केसरवानी, कमलेश सैनी, मनरेगा परियोजना अधिकारी ऋषि राज चढ़ार, अभिषेक भार्गव, संतोष पाठक सहित अनेक विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


