कटनी (22 अक्टूबर) – राज्य शासन के निर्देशन में प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से बुधवार को प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं गौशालाओं में गोवर्धन पूजा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इसी क्रम में नगर निगम कटनी द्वारा भी रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा का आयोजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के मुख्य आतिथ्य तथा निगमाध्यक्ष मनीष पाठक की मौजूगदी में किया गया। इस दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
गोवर्धन पूजा एवं गौ सेवा
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कार्यक्रम के दौरान गोबर से निर्मित श्री गोवर्धन जी की विधि-विधान से पूजन एवं आरती कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा गौ-माता का विधिवत पूजन किया जाकर गायों को स्नेह पूर्वक दुलारा और उन्हें गुड़ एवं मिष्ठान, खिचड़ी इत्यादि खिलाया गया। महापौर श्रीमती सूरी ने इस दौरान गौसंरक्षण, संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु जन जागरण का आह्वान किया। साथ ही अतिथियों के साथ मिलकर जीवनदायिनी गौमाता की सेवा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने अपने संबोधन में उपस्थित सभी को दीपावली पर्व और गौ-पूजन कार्यक्रम की शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि राज्य शासन के नेतृत्व में प्रदेश के दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी उद्देश्य से आज प्रदेशभर में गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता लाने हेतु गोवर्धन पूजा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सदियों से गोवर्धन पूजा और गाय गोहरी उत्सव हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। आने वाली पीढ़ियों में भी हमारी संस्कृति के प्रति संवेदनशीलता और जुड़ाव बना रहे, इसके लिए इस प्रकार के आयोजनों का सतत रूप से होना आवश्यक है। वहीं निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक ने कहा कि धार्मिक ग्रंथों के मुताबिक गोवर्धन पूजा का पर्व श्रीकृष्ण के प्रकृति प्रेम और गोकुल की रक्षा को याद कराता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करने से धन-धान्य, सुख शांति औश्र परिवारिक एकता बढ़ती है।


