रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। शराब बिक्री को लेकर प्रतिबंधित नर्मदापुरम नगर में शराब माफियाओ की सक्रियता से जहां अपराध बढ़ रहे हैं, वहीं अवैध शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है। जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। जिसको लेकर एसडीओपी जितेंद्र पाठक को जिला लघु उद्योग संघ नर्मदापुरम संरक्षक मुकेश श्रीवास्तव,अध्यक्ष राम नवलानी, महासचिव गौरव सेठ, कोषाध्यक्ष प्रदीप सैनी, खान साहब ने ज्ञापन सौंप कर अवैध शराब विक्रय करने वालों पर कार्यवाही की मांग की है। अवगत कराया कि अवैध शराब कारोबार के चलते इंडस्ट्रियल एरिया किशनपुरा में भी माहौल खराब हो गया है। रात में असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं और सड़कों पर शराबियों का जमघट हो जाता है, जो लड़ाई झगड़े का माहौल निर्मित हो जाता है, जिससे अपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में रात को व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों का घर से निकलना मुश्किल होता है। कुछ समय से नर्मदापुरम नगर में गली मोहल्ले में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है और घरेलू हिंसा, अपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है। जिला लघु उद्योग संघ सामाजिक रूप से उत्तरदायी संगठन होने के नाते समाज में नैतिकता,अनुशासन एवं स्वस्थ वातावरण के पक्ष में खड़ा है और नशा मुक्त समाज के लिए निवेदन करता है कि अवैध बिक्री करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाए और नागरिकों के सहयोग से नशा मुक्त होशंगाबाद अभियान प्रारंभ किया जाए। इस गंभीर सामाजिक समस्या पर त्वरित और प्रभावी कार्यवाही की मांग की है। जिस पर एसडीओपी जितेंद्र पाठक द्वारा उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।


