संवाददाता -भूनेश्वर केवट
मंडला। एक्सिस बैंक मंडला शाखा की लापरवाही और मनमानी का खामियाजा पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा के प्राचार्य को भुगतना पड़ रहा है।
विद्यालय प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा ने बताया कि गवर्नमेंट हाईस्कूल मंडला के नाम से बैंक में सात खाते संचालित हैं। पूर्व प्राचार्य श्री भारत भूषण नामदेव के 31 अक्टूबर 2019 को सेवानिवृत्त होने के बाद से कई बार लिखित आवेदन और सभी आवश्यक दस्तावेज़ (3–4 बार) जमा करने के बावजूद अब तक पाँच खातों में नामांतरण (Signatory Change) की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।
इस गंभीर लापरवाही के चलते न केवल विद्यालय की रेडक्रॉस, खेलकूद, स्काउट-गाइड जैसी निधियों का शासकीय खजाना में समय पर जमा होना बाधित है, बल्कि लेन-देन की प्रक्रिया भी अव्यवस्थित हो गई है।
प्राचार्य हरदहा ने बताया कि जब-जब वे दस्तावेज जमा करते हैं, तब कुछ दिन तक उनके हस्ताक्षर से लेन-देन चालू हो जाता है। लेकिन जैसे ही शाखा में अधिकारी-कर्मचारी बदलते हैं, चेक बाउंस कर दिए जाते हैं यह कहकर कि “हस्ताक्षर मेल नहीं खा रहे”। इसके बाद फिर से दस्तावेज़ जमा कराना पड़ता है, तब लेन-देन चालू होता है। यह सिलसिला लगातार वर्षों से चल रहा है।
सबसे बड़ी समस्या यह है कि नामांतरण की प्रक्रिया पूरी न होने से जारी किए गए चेक लगातार बाउंस हो रहे हैं। प्रत्येक चेक बाउंस होने पर ₹177/- पेनल्टी व्यापारी पर लगती है, जिसे प्राचार्य को अपनी जेब से वहन करना पड़ता है। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि विद्यालय की साख भी धूमिल हो रही है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि—
“एक्सिस बैंक मंडला की इस घोर लापरवाही ने शासकीय कार्यों को ठप कर दिया है। हमने बार-बार दस्तावेज जमा किए, लेकिन बैंक की मनमानी और उदासीनता से हमें चेक बाउंस और पेनल्टी का सामना करना पड़ रहा है।”
विद्यालय ने मांग की है कि बैंक प्रबंधन तत्काल सभी लंबित खातों में नामांतरण की प्रक्रिया पूर्ण करे, अन्यथा मामला जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।


