रिपोर्टर भुवनेश्वर केवट
मंगलवार को राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के मंडला प्रवास के मद्देनजर नैनपुर विकासखंड में की जा रही तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा एवं सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट संबंधित ग्रामों में पहुँचे। उन्होंने ग्राम चिरईडोंगरी रेलवे स्थित निर्माणाधीन महर्षि सांदीपनि विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी एवं विभागीय अधिकारियों को राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे के विषय में आवश्यक तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। नैनपुर विकासखंड के ग्राम अमाही में पहुंचकर कलेक्टर ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों के लिए पीएम जनमन अंतर्गत निर्मित आवासों का निरीक्षण किया। यहाँ राज्यपाल पीएम जनमन आवास में निवासरत परिवारों से मुलाकात करेंगे। साथ ही एक नए पीएम जनमन आवास में गृहप्रवेश कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके पश्चात ग्राम के माध्यमिक शाला ग्राउंड में आयोजित सभा में आमजन के साथ संवाद करेंगे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने पीएम जनमन आवास, आंगनवाड़ी, संवाद सभा स्थल, ग्रीनरूम सहित आदि की जानकारी लेते हुए संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्राम ग्वारा में स्थित हवाईपट्टी पहुंचकर हेलीपेड एवं संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बेरीकेटिंग, सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, राज्यपाल के स्वागत, हेलीपेड के ग्रीनरूम आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर, सीईओ नैनपुर श्री विनोद मरावी, ईईपीडब्ल्यूडी श्री जीएस भलावी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh


