उमरियापान:- जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत देवरी मंगेला में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी है। पिछले दो महीनों से पंचायत भवन में ताला लटका हुआ है, जिससे ग्रामीणों के जरूरी कार्य अधर में लटके हुए हैं।पंचायत में न तो पंचायत सचिव पदस्थ है और न ही रोजगार सहायक। इससे ग्रामीणों को प्रमाण-पत्र सत्यापन, मजदूरी भुगतान, पेंशन आवेदन जैसे अन्य कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार पंचायत कार्यालय पहुँचने पर ताले लटके ही मिलते हैं और उन्हें मजबूरी में सरपंच या पूर्व सचिव के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन वहाँ भी कोई समाधान नहीं निकल रहा। गांव में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने के लिए लाखों की लागत से बनाया गया ई-कक्ष पूरी तरह निष्क्रिय पड़ा है। कंप्यूटर, प्रिंटर, टेबल-कुर्सियाँ और अन्य सामग्री बिना उपयोग के नष्ट होने के कगार पर है। पंचायत भवन पर ताले की स्थिति देख सरकारी योजनाओं की पहुंच शून्य हो गई है।
सचिव का तबादला, नई नियुक्ति नहीं:- ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में पदस्थ सचिव संदीप अग्रहरि का तबादला हो चुका है, लेकिन अब तक नए सचिव की पदस्थापना नहीं की गई। वहीं, पंचायत में ग्राम रोजगार सहायक की भी नियुक्ति नहीं हुई है, जिससे पंचायत संचालन पूरी तरह प्रभावित है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने जनपद पंचायत से लेकर जिला मुख्यालय तक कई बार शिकायतें कीं, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष और अविश्वास देखने को मिल रहा है।
इनका कहना है:- देवरी मंगेला में पदस्थ सचिव का तबादला होने के बाद दूसरे सचिव की व्यवस्था के लिए जिले को पत्र भेजा गया है। जल्द ही पंचायत में सचिव की पदस्थापना की जाएगी।:- यजुवेंद्र कोरी, जनपद पंचायत सीईओ, ढीमरखेड़ा
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


