कटनी – कलेक्टर दिलीप कुमार यादव गुरुवार को ग्राम पंचायत कांटी में आयोजित लोक सुनवाई सह जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने 56 ग्रामीणों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं एवं अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री शिशिर गेमावत और एस डी एम विजयराघवगढ़ श्री महेश मंडलोई, तहसीलदार श्री मनीष शुक्ला, नायब तहसीलदार द्वय श्री पी के वर्मा एवं श्री राजेन्द्र खरे, जनपद पंचायत सीईओ श्री ब्रतेश जैन , सहायक आयुक्त सहकारिता श्री राजयशवर्धन कुरील, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण श्रीमती शारदा सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख मौजूद रहे।
*अवैध कब्जा हटवायें*
लोक सुनवाई के दौरान ग्राम रजरवारा निवासी नं. 1 निवासी लक्ष्मण प्रसाद गड़ारी ने आवेदन देते हुए कहा कि मेरी भूमि खसरा नंबर 473 पर गांव के ही निवासी दयाली रजक ने कब्जा कर लिया है। मेरे द्वारा कई बार शिकायत करने के बाद भी अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने तहसीलदार को समय-सीमा में कार्यवाही कर शिकायत के निराकरण के निर्देश दिए।
*किसान निधि की राशि दिलायें*
ग्राम कांटी निवासी कन्छेदी ने कलेक्टर श्री यादव से कहा कि मुझे पीएम किसान निधि की राशि नहीं मिल रही है। इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने पर भी अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने तहसीलदार को उचित कार्यवाही कर शिकायत के निराकरण के निर्देश दिये।
*भूमि से वन विभाग का कब्जा हटवायें*
ग्राम कुर्सी टोला निवासी गुलजार सिंह ने अपनी समस्या बताते हुये कहा कि मेरी भूमि जिसका खसरा नं. 78, 92, एवं 181 रकबा क्रमश: 0.78, 0.07 एवं 0.09 हेक्टेयर पर वन विभाग ने कब्जा कर रखा है। इस कब्जे को हटवाया जाय। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने निश्चित समयावधि में वनमंडलाधिकारी को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
*दबंग कर रहे परेशान*
ग्राम कांटी निवासी पप्पू कुम्हार पिता फूलचंद कुम्हार ने बताया कि मेरे द्वारा पिछले 25 वर्षों से कब्जे की भूमि पर गांव के ही अनूप कुमार शुक्ला पिता देवेन्द्र शुक्ला द्वारा गंदी गालियां देते हुए जबरन कब्जा करने, घर गिराने तथा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसलिए वैधानिक कार्यवाही करते हुए जान-माल की सुरक्षा की जाय। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम को भूमि की डिटेल चेक करते हुए उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


