जिले में अनाज के अवैध परिवहन और भंडारण पर गुरूवार को जिला प्रशासन द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई। कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर गठित मंडी उड़नदस्ता दल द्वारा अनाज के अवैध परिवहन करने वाले वाहनों और भंडारण करने वाले प्रतिष्ठानों के विरूद्ध माह अप्रैल व मई में कार्यवाही करते हुए पांच गुना मंडी शुल्क की राशि 7 लाख 32 हजार 57 रूपये जमा कराने की कार्यवाही की गई है।
कृषि उपज मंडी के सचिव किशोर कुमार नरगांवे ने बताया कि एसडीएम कटनी एवं भारसाधक अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में अवैध अनाज परिवहन करने वाले 8 वाहनों और अवैध भंडारण पर 5 फर्मों से 5 गुना मंडी शुल्क, निराश्रित शुल्क और समझौता शुल्क वसूला गया है।
इन वाहनों पर हुई कार्यवाहीं
लहसुन के अवैध परिवहन पर वाहन क्रमांक RJ09GE5430 द्वारा 15.70 क्विंटल लहसुन के कृषि उपज के अवैध परिवहन पर 5 गुना कीमत पर देय मंडी शुल्क, समझौता शुल्क के रूप में कुल 6 हजार 925 रूपया जमा कराये गए हैं।
इसी तरह पांच अन्य वाहनों क्रमश: MP35GA1320, MP17HH1592, MP22ZF5401, MP21ZE2943 एवं MP21H1946 से चना कृषि उपज की 1344.20 क्विंटल अवैध परिवहन पाये जाने पर इसके मूल्य 77 लाख 23 हजार 40 रूपये के 5 गुना कीमत पर देय मंडी शुल्क, निराश्रित शुल्क, समझौता शुल्क को मिलाकर 4 लाख 68 हजार 384 रूपये की राशि वसूली गई है।
इसी प्रकार 2 वाहनों क्रमांक क्रमश: MP20HB6386 एवं MP66H1508 से 613.80 क्विंटल चना का अवैध परविहन करने पर इसकी कीमत 33 लाख 14 हजार 250 रूपये की 5 गुना कीमत पर देय मंडी शुल्क व निराश्रित शुल्क 1 लाख 98 हजार 855 रूपये की राशि वसूली गई।
इन फर्मों से हुई वसूली
कृषि उपज मंडी के उड़न दस्ता दल ने अनाज के अवैध भंडारण पर 5 संस्थानों, प्रतिष्ठानों व फर्मों पर भी दांडिक शुल्क अधिरोपित कर वसूली की है। जिसमें फर्म रॉय ट्रेडर्स रीठी के स्टॉक और भौतिक अंतर की मात्रा 25 क्विंटल गेहूँ पाया गया। जिसकी कीमत 62 हजार 500 रूपये है। इनसे मंडी शुल्क निराश्रित व समझौता शुल्क मिलाकर 4 हजार 750 रूपये की राशि वसूली गई।
श्यामसुंदर रॉय फर्म रीठी के स्टॉक और भौतिक अंतर 30 क्विंटल गेहूँ पाया गया। जिसकी कुल कीमत 75 हजार रूपये पाई गई। इस फर्म से मंडी शुल्क, निराश्रित व समझौता शुल्क मिलाकर 5 हजार 500 रूपये की राशि वसूली गई।
इसके अलावा माधव मोहन ट्रेडस रीठी के स्टॉक और भौतिक स्टॉक में 27.10 क्विंटल का अंतर गेहूँ पाया गया। जिसकी बाजार कीमत 67 हजार 750 रूपये है। इनसे मंडी शुल्क निराश्रित व समझौता शुल्क मिलाकर 5066 रूपये की राशि वसूली गई।
एक अन्य फर्म संस्कार इंडस्ट्रीज कटनी के दर्ज स्टॉक और भौतिक स्टॉक में 10.10 क्विंटल मसूर का अंतर पाया गया जिसका बाजार मूल्य 61 हजार 610 रूपये के आधार पर 5 गुना मंडी शुल्क, निराश्रित व समझौता शुल्क को मिलाकर 4 हजार 697 रूपये वसूले गए।
इसी तरह कविता पल्सेस कटनी फर्म के स्टॉक में 88.03 क्विंटल मसूर उपज का अंतर पाये जाने पर इसकी कुल कीमत 67 हजार 750 रूपये के 5 गुना मंडी शुल्क, निराश्रित शुल्क और समझौता शुल्क को मिलाकर 37 हजार 880 रूपये का दांडिक शुल्क वसूल कर जमा कराया गया है।
इन वाहनों और फर्मों के विरूद्ध कार्यवाही में मंडी निरीक्षक सीएस मरावी, सहायक उप निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी, विकास मिश्रा, प्रशांत मौर्य एवं श्री रघुवीर सिंह खुशराम की भागीदारी रही।