रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग की संभागीय टीम द्वारा बुधवार को वार्ड 32 में बन रही सड़क का सैंपल लिया गया। कोर कटिंग के माध्यम से लिए गए सैंपल की जांच भोपाल में स्थित लैब में की जाएगी। नगर पालिका की उपयंत्री आयुषी रिछारिया ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव के विशेष प्रयासों से वार्ड 32 में रेणुका रैकवार के घर से भोपाल रोड तक करीब 350 मीटर सड़क मुख्यमंत्री कायाकल्प 2.0 अभियान के तहत बनाई जा रही है। योजना के माध्यम से बन रही सड़क की गुणवत्ता जांचने बुधवार को भोपाल से नगरीय प्रशासन की संभागीय टीम आई थी। जिन्होंने सीसी रोड के विभिन्न स्थानों से कोर कटिंग विधि से सैंपल लिया। जिसकी जांच भोपाल में स्थित लैब में की जाएगी। सड़क निर्माण के लिए 6 माह का समय निर्धारित किया गया है। ठेकेदार ताज कंस्ट्रक्शन फैजान उल हक की ठेका कंपनी सड़क निर्माण कर रही है। यदि निर्माण संबंधी जानकारी का बोर्ड ठेकेदार ने नहीं लगाया है तो वहां बोर्ड लगवा दिया जाएगा।
नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने बताया कि नगरपालिका द्वारा नगर में चहुंओर विकास के कार्य दु्रतगति से किए जा रहे हैं। नपा सभी वार्डों में सबका साथ सबका विकास के आधार पर नपा का कार्य कर रही है। वार्ड 32 के नागरिकों की मांग पर सीसी रोड बनाई जा रही है। इस सड़क के बनने से वार्ड 32 से नागरिक सीधे भोपाल रोड से जुड़ जाएंगे। जिससे उन्हें लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अवगत हो कि उक्त सड़क शहर वासियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है,बन रही सड़क भोपाल रोड पर परमश्री गार्डन डोंगरवाड़ा मार्ग से पहले ईदगाह की तरफ जोड़ी गई है। इस सड़क निर्माण से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।


